पराक्रम दिवस: आंदोलन के पराक्रमी नायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 23 जनवरी 2024 को 127वीं जयंती है। भारत के स्वतंत्रता सेनानी सुभाषचंद्र बोस की जयंती को हर वर्ष पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह खास दिन साहस को प्रणाम करने का है। पराक्रम दिवस के अवसर पर लाल किले पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगें, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी यहां से भारत पर्व का भी शुभारंभ करेंगे, जो 23 से 31 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। 26 मंत्रालय और विभाग इसमें शामिल होंगे। कार्यक्रम लाल किले के सामने राम लीला मैदान और माधव दास पार्क में होगा।
बता दें, 2021 में प्रधानमंत्री मोदी ने एलान किया था कि अब से हर वर्ष 23 जनवरी को पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जाएगा। भारत सरकार ने यह दिन सुभाष चंद्र बोस के नाम समर्पित किया है। सुभाष चंद्र बोस का जन्म 23 जनवरी को हुआ था। उनकी जयंती के मौके पर हर साल पराक्रम दिवस मनाकर नेता जी को याद किया जाता है और आजादी के लिए उनके योगदान के लिए नमन करते हैं। बोस का संपूर्ण जीवन हर युवा और भारतीय के लिए आदर्श है।
