बरेली: आज उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में आंवला लोकसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर हमला बोला। कहा कि सत्ता से वंचित होने के बाद कांग्रेस-सपा ऐसे तड़प रही है, जैसे बिन पानी मछली तड़पती है। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बरेली के आंवला में सुभाष इंटर कॉलेज ग्राउंड में जनसभा कर आंवला लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं से संवाद किया। सीएम योगी ने आंवला के ऐतिहासिक महत्व से अपना संवाद शुरू किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दस वर्ष में बदले भारत की तस्वीर रखी तो विपक्षियों के इंडी गठबंधन पर भी करारा प्रहार किया। सीएम ने इस सीट से सांसद व भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप को पुनः दिल्ली में भेजने का आह्वान किया।
सीएम ने कहा कि मुलायम सिंह की मृत्यु पर हम लोग लखनऊ व सैफई गए थे, लेकिन उप्र के विकास व रामजन्म भूमि के लिए कल्याण सिंह का जीवन समर्पित रहा। सपा के मुख से उनके लिए संवेदना के एक भी शब्द नहीं फूटे, लेकिन यह लोग माफिया के मरने पर फातिहा पढ़ने गए थे। ऐसे लोगों को सत्ता में आने का अधिकार नहीं है। सपा ने एक ही परिवार को टिकट बांट दिए। परिवार के बाहर उनकी सोच नहीं है। सहारा जाति का लेंगे, लेकिन घूम-फिर कर परिवार में ही आएंगे। सपा परिवार में महाभारत के सभी पात्र मिल जाएंगे।
सीएम ने कहा कि कभी यक्ष ने धर्मराज युधिष्ठिर से 100 प्रश्न पूछे थे। हम सपा, बसपा व कांग्रेस से 10 प्रश्न पूछना चाहते हैं। सीएम ने कहा कि कांग्रेस को 60-65 वर्ष, सपा-बसपा ने प्रदेश में तीन से चार बार शासन किया, फिर भी इन्होंने समस्याएं पैदा कीं। हम पूछना चाहते हैं कि देश के सामने पहचान, सुरक्षा का संकट पैदा करने वाले कौन हैं। देश को विकास से वंचित करने, भूखमरी से हुई मौतों का दोषी कौन, अन्नदाता किसानों की मौत का जिम्मेदार कौन, सपा-बसपा व कांग्रेस सरकार में तुष्टिकरण की घातक नीति के कारण हुए दंगे, निर्दोषों की मौत और व्यापारियों के नुकसान का दोषी कौन, भ्रष्टाचार के कारण भारत के बाधित विकास का दोषी कौन, बेरोजगारी के कारण 2014 के पहले पलायन करने वाले नौजवानों के जीवन से खिलवाड़ करने का दोषी कौन, बिजली-पानी से जनता को वंचित करने का दोषी कौन। इतने दशकों तक शासन करने के बाद भी कांग्रेस, सपा व बसपा ने आस्था से खिलवाड़ किया, इसका दोषी कौन है।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस व सपा देश-प्रदेश को दंगों की आग में झोकना चाहती है। यह लोग विकास में बैरियर हैं। देश के विकास में किसी को बैरियर नहीं बनने देना है। सीएम ने आह्वान किया कि मोदी ने देश को सुरक्षा व विकास का विजन दिया है। सुरक्षा की गारंटी केवल भाजपा ही दे सकती है। किसी के बहकावे में न आएं, जो देश के साथ है-आप उसके साथ रहें। देश, सुरक्षा व वोट आपका है तो सरकार भी आपकी होनी चाहिए। देश से बढ़कर कोई भी नहीं है।
