बंगाल बंद: कोलकाता के आरजी कर अस्पताल की ट्रेनी डॉक्टर से रेप के बाद हत्या को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। इस घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने 12 घंटे का बंगाल बंद बुलाया है। यह बंद आज सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक रहेगा। इस घटना के विरोध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग करते हुए बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर हैं। इस प्रदर्शन को ‘नबन्ना अभियान’ नाम दिया गया है। पश्चिम बंगाल में राज्य सचिवालय तक नबन्ना मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से बुलाए 12 घंटे के बंद के कारण बुधवार को कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ।
राजधानी कोलकाता में सड़कों पर चहल-पहल कम है। सड़कों पर बहुत कम बस, ऑटो रिक्शा और टैक्सी नजर आ रही हैं। निजी वाहनों की संख्या भी कम है। हालांकि, बाजार और दुकानें पहले की तरह खुली हैं। स्कूल और कॉलेज खुले हैं लेकिन ज्यादातर निजी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति बेहद कम है, क्योंकि उन्हें घर से काम करने को कहा गया है।
इस बीच टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि हम सभी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल दुष्कर्म-हत्या मामले में न्याय चाहते हैं। ममता बनर्जी भी न्याय चाहती हैं। मामला अब सीबीआई के हाथ में है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अब सीबीआई मामले की जांच कर रही है। भाजपा यहां अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रही है। कल उन्होंने पुलिस पर हमला किया और आज उन्होंने बंद बुलाया है।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने कोलकाता के बाटा चौक पर प्रदर्शन कर रहे भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया। इससे पहले आज तृणमूल कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ‘नबन्ना अभियान’ मार्च के दौरान शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन पर पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ भाजपा के 12 घंटे के ‘बंगाल बंद’ के आह्वान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर बंगाल में अराजकता पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
