महराजगंज। नेपाल सीमा से सटे जनपद महराजगंज में अवैध आव्रजन के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर सीमावर्ती थानों को सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना नौतनवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना पासपोर्ट और वीज़ा के भारत में प्रवेश कर रही एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नौतनवां के मार्गदर्शन में थाना नौतनवां पुलिस टीम ने 9 जनवरी 2026 को बैरिया बाजार क्षेत्र से उक्त महिला को पकड़ा। पूछताछ के दौरान महिला भारत में प्रवेश से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।
प्रारंभिक जांच और पूछताछ के बाद 10 जनवरी 2026 को शाम 4 बजकर 10 मिनट पर महिला को विधिवत पुलिस हिरासत में लिया गया। थाना नौतनवां में उसके खिलाफ आव्रजन अधिनियम की धारा 21/23 एवं विदेशी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार महिला की पहचान जेहुआ (उम्र लगभग 36 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रानमू चाली टाउनशिप, आबा काउंटी, सिचुआन प्रांत, चीनी जनवादी गणराज्य की निवासी बताई गई है।
इस कार्रवाई को थाना नौतनवां के थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनीष कुमार, कांस्टेबल गोपाल कुशवाहा और महिला कांस्टेबल अनुराधा चौहान शामिल रहीं।
महराजगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती इलाकों में अवैध आव्रजन, तस्करी और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
