महराजगंज जिले के बृजमनगंज क्षेत्र में दहेज को लेकर एक दुखद घटना सामने आई है। बरगाहपुर टोला लेहड़ा स्टेशन की रहने वाली श्रीमती आयशा खातून ने 5 मार्च को थाना बृजमनगंज में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी नाजिमा खातून की शादी सौरहा निवासी मुर्तजा के साथ हुई थी। शादी के बाद मुर्तजा, उसके पिता और उसकी मां नाजिमा को दहेज के लिए परेशान करते थे।
परिवार का आरोप है कि 5 मार्च को इसी बात को लेकर विवाद हुआ और मुर्तजा ने नाजिमा की हत्या कर दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान 6 मार्च को सूचना मिली कि नाजिमा का पति मुर्तजा अपने घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक महाराजगंज ने भी जानकारी दी है कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
