आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के नवागत एसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर गुरुवार को जनपद के 202 शराब दुकानों और उसके आसपास जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने 82 संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं छह थाना प्रभारियों द्वारा लापरवाही बरतने पर एसपी द्वारा स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने गुरुवार को जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किया कि रात आठ बजे से 10 बजे तक शराब की दुकानों की जांच कर संदिग्ध लोगों की धरपकड़ की जाए। इस निर्देश पर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों के 202 दुकानों का निरीक्षण किया और वहां मिले 82 संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया।
छह थाना प्रभारियों ने एसपी के निर्देश का सही ढ़ंग से पालन नहीं किया। इन थाना प्रभारियों द्वारा किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं की गई। पुलिस अधीक्षक ने इसे लापरवाही मानते हुए मुबारकपुर, गंभीरपुर, महाराजगंज, अतरौलिया, पवई तथा मेंहनगर के थाना प्रभारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। पुलिस कप्तान की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
