प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र के कांपा में शराब के ठेके के पास बाइक सवार हमलावरों ने ट्रैक्टर चालक धर्मेंद्र (45) को गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया।
कंधई थाना क्षेत्र के बोझी मधुपुर निवासी धर्मेंद्र शुक्ला ट्रैक्टर चालक है। बृहस्पतिवार की देर शाम वह खेत से काम करने के बाद पैदल ही कांपा बाजार में शराब व मछली लेने गया था। आरोप है कि मछली खरीदने के दौरान बाइक से तीन हमलावर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार बिना कुछ पूछे ही वे लोग उस पर फायर करने लगे। फायरिंग के चलते वहां भगदड़ मच गई। पांच राउंड गोली चली जिसमें से तीन गोली धर्मेंद्र के पेट व हाथ में लग गई।
जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों के शोर शराबा करने पर हमलावर बाइक लेकर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन पहुंच गए। उसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज ले आए। जहां उसकी हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सीओ पट्टी दिलीप सिंह ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। जिन लोगों पर पीड़ित संदेह जता रहा है। उनकी तलाश की जा रही है।