लखनऊ: मानव तस्करी के मामले में दो महीने पहले भी कुछ लोगों को गिरफ्तार करने के बाद यूपी एटीएस द्वारा 9 और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें से एक को पश्चिम बंगाल से और बाकी सियालदा राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे जिन्हें कानपुर से गिरफ्तार किया गया।
आईजी एटीएस जीके गोस्वामी ने बताया कि अवैध तरीके से बांग्लादेश और म्यांमार से लोगों को भारतीय सीमा में प्रवेश कराया जाता है। इसके बाद भारतीय दस्तावेज़ बनवाकर विदेश भेज दिया जाता है।
इसके बदले 1 लाख रुपये से लेकर 7 लाख रुपये तक लिए जाते हैं। इन्हें खाड़ी देशों के साथ-साथ अफ्रीका, अमेरिका और लंदन भेजा जाता है। ये लोग भारतीय सीमा में प्रवेश करने के बाद फर्जी नामों से भारतीय दस्तावेज बनवाते थे।
दो महीने पहले दर्ज मामले में मिले इनपुट के आधार पर ये कार्रवाई की गई है। इस मामले में अब तक 18 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।