शर्मनाक: फिरोजाबाद के टूंडला में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया, एक युवक ने चंद रुपयों के लालच में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बहन से शादी कर ली। जांच में जब मामला खुला तो अधिकारी हैरान रह गए। युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। वहीं अन्य मामलों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही शादी के लिए जोड़ों का सत्यापन करने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
टूंडला खंड विकास कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस समारोह में नगरपालिका टूंडला, ब्लाक टूंडला व ब्लॉक नारखी के 51 जोड़ों की शादी कराई गई थी। समारोह में सभी जोड़ों को गृहस्थी का सामान व कपड़े आदि प्रदान किए गए थे।
समारोह में कुछ जोड़ों के वीडियो व फोटो क्षेत्र के लोगों व ग्राम प्रधान तक पहुंचे तो समारोह में फर्जीवाड़े के चार मामले सामने आए। इनमें से एक मामले में रिश्ते के शादीशुदा भाई ने बहन से ही शादी कर ली थी। इस मामले में जांच के बाद नगला प्रेम (घड़ी) निवासी भाई के खिलाफ समाज कल्याण विभाग के सहायक विकास अधिकारी चंद्रभान सिंह ने तहरीर दी है। फर्जी तरीके से शादी करने वाले भाई के विरुद्ध एफआईआर कराई गई है। दोबारा शादी करने वाली अपात्र महिला से प्रदत्त गृहस्थी का सामान ले लिया गया है। अभी जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।