राजू श्रीवास्तव: मशहूर हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का आज जन्मदिन है। राजू का जन्म 25 दिसंबर 1963 को हुआ था। इस साल वह अपना 58 वां जन्मदिन मना रहे हैं। लोगों के बीच ‘गजोधर भैय्या’ के नाम से भी जाने जाते है l राजू अपने चुटकुलों से लोगों को हंसाते और गुदगुदाते रहे हैं।
राजू के बचपन का नाम सत्य प्रकाश था, लेकिन आज उन्हें दुनिया राजू श्रीवास्तव के नाम से जानती है। राजू के पिता कानपुर के एक लोकप्रिय कवि थे और दर्शकों का अपनी कविताओं से मनोरंजन करते थे, लेकिन राजू को बचपन से ही कॉमेडी का शौक था। वो एक कॉमेडियन बनना चाहते थे। राजू उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के रहने वाले हैं।
राजू श्रीवास्तव ने अपने करियर की शुरूआत टीवी शो ‘टी टाइम मनोरंजन’ से की थी। कॉमेडी के क्षेत्र में मशहूर होने से पहले उन्होंने कई फिल्मों में भी काम किया है। हालांकि उन्हें पहचान मिली ‘द ग्रेट इंडियन लॉफ्टर चैलेंज’ से। इस शो में उन्होंने यूपी का रंग दिखाया और लोगों को अपने पंच लाइन से हंसने पर मजबूर कर दिया। हालांकि इस शो में ‘गजोधर भैय्या’ रनर अप रहे थे, लेकिन दर्शकों ने उन्हें ‘द किंग ऑफ कॉमेडी’ का टाइटल दिया।
फिल्मों और कॉमेडी के बाद राजू श्रीवास्तव बिग बॉस 3 के भी हिस्सा रहे थे। वो इस शो में जीत नहीं पाए, लेकिन दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके अलावा राजू ने राजनीति में भी एंट्री की। राजू ने समाजवादी पार्टी से निकलने के बाद बीजेपी को चुना। राजू मुंबई में अपनी पत्नी शिखा और दो बच्चों के साथ रहते हैं।
