चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: चंडीगढ़ नगर निगम में नगर निगम में अब तक भाजपा और कांग्रेस के बीच ही मुख्य मुकाबला होता रहा है लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी की एंट्री ने चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया है। आप नेता दावा कर रहे हैं कि इस बार सदन में उनका मेयर होगा।
अगले पांच साल तक चंडीगढ़ नगर निगम में किस की सत्ता रहेगी, यह सोमवार दोपहर तक पता चल जाएगा। नगर निगम चुनाव में कुल 35 सीटों पर 203 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। सोमवार सुबह नौ बजे से शहर के नौ केंद्रों पर मतगणना शुरू होगी और दोपहर करीब 12 बजे तक लगभग सभी सीटों पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
प्रशासन ने सभी मतगणना केंद्रों पर रिटर्निंग अधिकारियों के साथ ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं, जो सभी केंद्रों पर मौजूद रहेंगे और पल-पल की घटनाओं पर नजर रखेंगे। इसके अलावा चुनाव आयोग के विशेष ऑब्जर्वर भी केंद्रों का दौरा करेंगे। भाजपा, कांग्रेस और आप ने अपने-अपने मतगणना एजेंटों को भी तैनात कर दिया है, जो सोमवार को पूरे दिन मतगणना केंद्र पर डटे रहेंगे।
इन तीनों पार्टियों के सभी प्रत्याशी भी अपने-अपने वार्ड के मतगणना केंद्र पर मौजूद रहेंगे। चुनाव आयोग ने मतगणना के लिए नौ केंद्र बनाए हैं। इन सभी केंद्रों पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा रहेगी। पुलिस के जवानों से लेकर अधिकारी मतगणना स्थल पर चारों ओर निगाह रखेंगे। मतगणना के समय किसी तरह की दिक्कत पर या हंगामे पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।