पंजाब मिशन: अगले साल पांच राज्यों में चुनाव होने वाले हैं। विधानसभा चुनाव 2022 को देखते हुए पंजाब मे भी चुनावी समर्मियां काफी तेज हो गयी है, सियासी दलों द्वारा प्रचार प्रसार शुरू है। तीन कृषि कानूनों को वापस लेने के बाद भाजपा पंजाब में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत 5 जनवरी को संभावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के साथ करेगी। प्रधानमंत्री की पंजाब में यह पहली रैली होगी। इससे पूर्व, प्रधानमंत्री ने गुरु नानक जयंती पर तीनों विवादित कृषि कानून वापस लेने की घोषणा की थी।
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम 5 जनवरी को पंजाब के फिरोजपुर में पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च के सैटेलाइट केंद्र के उद्घाटन का है। इसके बाद वे एक रैली को संबोधित करेंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस रैली में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के नेता सुखदेव सिंह ढींढसा भी भाग लेंगे। इन दोनों ने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर सीट बंटवारे पर बात की थी।
भाजपा पंजाब चुनाव में वरिष्ठ सहयोगी के रूप में भाग लेगी। उसके आधे से अधिक सीटों पर प्रत्याशी उतारने की संभावना है। इस रैली में पंजाब के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के भी भाग लेने की संभावना है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करेगी और देश में कोरोना के ओमिक्रॉन स्वरूप के फैलाव के मद्देनजर वर्चुअल चुनावी रैलियों के लिए तैयार है।