महाराष्ट्र: देश के कई राज्यों में कोरोना का कहर शुरू हो गया है। कोरोना की बढ़ती रफ्तार ने कई राज्य सरकारों की टेंशन बढ़ा दी है। देश के कई राज्यों में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का तेजी से प्रसार होने लगा है। इस बात पर कई राज्यों ने सख्ती करना शुरू कर दिया है। मुंबई और दिल्ली में कोरोना के मामले खतरनाक तरीके से बढ़ने लगे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इन दो महानगरों में एक ही दिन में केस दोगुने हो गए।
कोरोना के मामलों में आए उछाल को लेकर आदित्य ठाकरे ने अधिकारियों के साथ अहम बैठक की और स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद आदित्य ने बताया कि मुंबई में कोरोना के केसों मे इजाफे को देखते हुए हमने बैठक कर हालात की समीक्षा की और तैयारियों का जायजा लिया। मैं सभी से अपील करता हूं कि घबराएं नहीं। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हमें अत्यधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।
खतरे को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में आज से सात जनवरी तक के लिए धारा 144 लागू कर दिया है। धारा 144 लगाने के बाद अब महानगर में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान पुलिस ने 30 दिसंबर से सात जनवरी तक रेस्टोरेंट, होटल, बार, पब, रिसॉर्ट और क्लब सहित किसी भी बंद या खुली जगह में नए साल के जश्न, पार्टियों पर रोक लगा दी है।
मुंबई में कोरोना के रोजाना मामले डराने लगे हैं। बीते 24 घंटे में यहां 2,510 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस दौरान 251 लोग ठीक हुए हैं। इसी के साथ मुंबई में कोरोना महामारी शुरू होने के बाद से अब तक कुल 7 लाख 75 हजार 808 केस आ चुके हैं, जबकि एक्टिव केसों की संख्या 8060 है। मुंबई में कुल 16 हजार 375 मौतें हुई हैं। शहर में फिलहाल रिकवरी रेट 97 फीसदी पर बना हुआ है।