लखीमपुर खीरी मामला: तीन अक्तूबर को लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कस्बे में हुई हिंसा में चार किसानों और एक पत्रकार सहित आठ लोगों की जान गई थी। इस तिकुनिया कांड मामले के मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा समेत सभी 13 आरोपी जेल में बंद हैं। मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा उर्फ मोनू की जमानत पर 11 जनवरी को सुनवाई होगी। इसके लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में याचिका दाखिल की गई थी।
इस पर आशीष मिश्रा के वकील ने कोर्ट से समय मांगा था जिस पर 11 जनवरी को सुनवाई होगी। इसके पहले कई बार आशीष मिश्रा की जमानत याचिका खारिज की जा चुकी है।इस मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने चार्जशीट दायर कर दी है। बताया जा रहा है कि 5000 पन्ने की इस चार्जशीट में मुख्य आरोपी गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा को बनाया गया है। चार्जशीट में कहा गया है कि आशीष मिश्रा तीन अक्तूबर 2021 को किसानों को कार से रौंदने वाले घटना के दिन घटनास्थल पर ही मौजूद थे।
पिछले साल दिसंबर में खत्म हुए संसद के शीतकालीन सत्र में विपक्ष पहले दिन से इस मसले पर लगातार अजय मिश्रा का इस्तीफा मांग रहा था। किसान आंदोलन में शामिल किसान संगठनों ने भी उनके इस्तीफे की मांग की थी।