महाराष्ट्र मे कोरोना: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोरोना के नए मामलों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। पिछले दिनों मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा था कि अगर महानगर में 20 हजार से अधिक मामले सामने आते हैं तो लॉकडाउन लगाना ही पड़ेगा। वहीं गुरुवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा था कि लॉकडाउन लगाने पर अंतिम निर्णय सीएम उद्धव लेंगे।
बीते 24 घंटे में यहां 20 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं और चार लोगों की मौत हो गई है। ऐसे में अब शहर में लॉकडाउन लगाने को लेकर अटकलें बढ़ गई हैं। उम्मीद किया जा रहा है कि आज यानी शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे लॉकडाउन लगाने पर कोई ठोस फैसला ले सकते हैं।
गुरुवार शाम को एनसीपी प्रमुख शरद पवार की स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव और कुछ दूसरे अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई थी, जिसमें लॉकडाउन के मुद्दे पर चर्चा हुई थी। लॉकडाउन लगाने के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री टोपे ने कहा कि राज्य सरकार मुंबई के आंकड़ों को बहुत ध्यान से देख रही है और इस पर आखिरी फैसला मुख्यमंत्री लेंगे।
वहीं महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने कहा कि कोरोना को लेकर दिशा-निर्देश मुख्य सचिव द्वारा जारी किए जाते हैं और हमें खुद को वायरस से सुरक्षित रखने के लिए उनका पालन करना चाहिए। 55 वर्ष से अधिक आयु के पुलिस अधिकारियों को ड्यूटी पर जाने की जरूरत नहीं है और वे अपने घरों से काम कर सकते हैं।
