आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, आगरा जनपद के थाना सैंया क्षेत्र में सीआईडब्लू टीम, स्वाट और सर्विलांस टीम के संयुक्त ऑपरेशन में तस्करों से पुलिस मुठभेड़ हो गयी, जिसमें गोली लगने से दो मादक पदार्थ तस्कर घायल हो गए। आठ अन्य को घेरकर पकड़ लिया गया। इनके कब्जे से दो करोड़ की कीमत का 800 किलो गांजा, दो ट्रक, एक कार, दो तमंचे, भरे और खाली कारतूस बरामद हुए हैं।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग प्रभारी, सर्विलांस टीम तथा स्वाट टीम प्रभारी ने सूचना दी कि सैंया क्षेत्र में गांजे की तस्करी के वाहन गुजरने वाले हैं। इस सूचना पर सैया चौराहे पर दो टीमे बनाकर चेकिंग शुरू की गई। कटी पुल के नीचे ग्वालियर रोड पर तस्करी कर लाए गए गांजे को कार में पलटी किया जा रहा था।
सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर गांजे की तस्करी के माल को कार में पलटने का पूर्ण विश्वास होने पर बदमाशों को पुलिस के सामने सरेंडर करने के लिए कहा गया। इस पर पुलिस से बचने के लिए जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी गई। जवाबी पुलिस फायरिंग के दौरान बदमाश पकड़े गए।
अभियुक्त संजय अग्रवाल एवं वीरेंद्र उर्फ देवेंद्र मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भेजा गया है। उनसे कुल आठ कुंतल 160 ग्राम गांजा, दो ट्रक, एक सिलेरियो कार, मोबाइल फोन, पर्स, 2 तमंचे 315 बोर दो खोखा कारतूस व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।