ओमिक्रॉन वैरिएंट: विश्व स्वास्थ्य संगठन के पटल पर सर्वाधिक कोरोना संक्रमित देशों की सूची में अमेरिका के बाद भारत की गणना दूसरे नंबर पर है। देश में कोविड संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसकी मुख्य वजह ओमिक्रॉन वैरिएंट को माना जा रहा है। संक्रमितों की संख्या में छह गुना साप्ताहिक वृद्धि हुई है। ओमिक्रॉन वैक्सीन को भी चकमा दे रहा है। बढ़ते संक्रमण के साथ ही मौतों की संख्या भी बढ़ रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले एक सप्ताह में कोरोना रोगियों के केस लोड में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। 9 जनवरी को समाप्त सप्ताह में कोविड-19 के 6,38,872 मामले दर्ज किए गए। ये मामले 27 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच दर्ज केस 1,02,330 की तुलना में छह गुना ज्यादा हैं।
इसी तरह कोविड मरीजों की दैनिक संख्या में चार गुना बढ़ोतरी हुई है। 27 दिसंबर को देश में 6531 मरीज मिले थे, जबकि 2 जनवरी को यह संख्या बढ़कर 27,553 हो गई। सप्ताह के पहले दिन यानी 3 जनवरी को देश में 33,750 नए केस मिले थे, यह संख्या 9 जनवरी तक 1.50 लाख के पार होकर 1,59,632 तक पहुंच गई। यह लगातार दूसरा दिन था, जब भारत में एक लाख से ज्यादा मरीज मिले।
कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही देश में महामारी से मरने वालों की संख्या भी बढ़ी है, हालांकि इसकी रफ्तार बहुत कम है। ओमिक्रॉन तेजी से फैल रहा है, लेकिन यह दूसरी लहर जितना खतरनाक नहीं नजर आ रहा है। उक्त दो सप्ताहों में से पहले सप्ताह में (27 दिसंबर-2 जनवरी के बीच) 2020 मौतें हुईं, जबकि (3 जनवरी-9 जनवरी के बीच) 1868 मौतें हुईं।
