यूपी चुनाव 2022: यूपी में सियासी उठापटक का दौर जारी है। चुनावी वादों की भी बौछार होने लगी है। चुनाव प्रचार जारी है, इसी क्रम मे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह अपना चुनाव प्रचार अभियान संयुक्त रूप से शुरू करेंगे।
दोनों नेता शुक्रवार को मेरठ आएंगे और एनएच-58 पर गॉडविन होटल में साढ़े तीन बजे संयुक्त प्रेस वार्ता करेंगे। दोनों नेता करीब एक घंटा यहां रहेंगे। सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह ने बताया कि मुजफ्फरनगर से लौटते समय यह प्रेसवार्ता रखी गई है। पहले दोनों नेताओं ने मुजफ्फरनगर को ही चुना था। लेकिन गुरुवार शाम को इसमें मेरठ को भी शामिल कर लिया गया।
अखिलेश और जयंत वेस्ट यूपी को साधने की कोशिश करेंगे। भाईचारे का संदेश देंगे, भाजपा पर पलटवार करेंगे। दरअसल, वेस्ट यूपी में भाजपा नेता ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं, दोनों नेता उसी का जवाब देने की कोशिश में हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पार्टी पूरी ताकत के साथ लगी हुई है।
प्रत्याशी को जिताने के लिए मुख्यमंत्री भी घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। मुख्यमंत्री का पहले कंकरखेड़ा आने का कोई कार्यक्रम नहीं था लेकिन रात में ही कंकरखेड़ा आने का कार्यक्रम फाइनल हुआ। इसके बाद वहां पर तैयारियां शुरू कर दी और भगवा रंग के गुब्बारों से सजाया जा रहा है। यहां पर शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम तय है, वह विधानसभा चुनाव को लेकर घर-घर जाकर जनसंपर्क करेंगे और प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगे।