यूपी चुनाव 2022: उत्तर प्रदेश में चुनाव नजदीक आते ही सरगर्मियां काफी तेज हो गयी है, प्रदेश मे मौसम भले ही ठंड का है, लेकिन चुनावी तापमान बढ़ा हुआ है। चुनाव प्रचार जारी है, बड़े बड़े चुनावी वादे किये जा रहे है। इसी क्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को इटवा में आयोजित चुनावी सभ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गर्मी निकालने वाले बाबा मुख्यमंत्री अब तक मतदान देखकर ठंडे पड़ गए हैं। सिद्धार्थनगर के लोग साइकिल पर वोट देंगे तो बाबा का भाप निकल जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा मुख्यमंत्री के लिए गोरखपुर के लिए 11 तारीख को हवाई जहाज का टिकट बुक कर दिया है। उन्हें गुल्लू के लिए बिस्किट देकर विदाई करेंगे। अब गुल्लू और सांड प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्न होंगे। भाजपा सरकार ने शिक्षा मित्रों को भी सम्मान नहीं दिया। मेरी सरकार बनने पर शिक्षा मित्रों को स्थायी किया जाएगा। वे कहते हैं कि एक करोड़ लेपटॉप बांट दिए, लेकिन यह भी झूठ है।
उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि नोटबंदी के बाद क्या भ्रष्टाचार खत्म हो गया, क्या काला धन आ गया। हमारे व्यापारियों पर जीएसटी लागू होने से वे बर्बाद हो गए। उन्होंने रोजगार छीन लिए। विकास के लिए लखनऊ में इन्होंने 5 लाख करोड़ के समझौते कराए थे। कहां गया वह समझौता। भाजपा से बड़ा झूठ कोई पार्टी नहीं बोलती है। इनके नेता सिर्फ झूठ बोलते हैं। जनसभा में सपा प्रत्याशी माता प्रसाद पांडेय, विजय पासवान, सैयदा खातून, नवीन उर्फ मानू दुबे एवं प्रेमचंद कश्यप मौजूद थे।