यूपी चुनाव 2022 : फाजिल नगर से सपा प्रत्याशी व पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य पर मंगलवार को गोड़रिया में रोड शो के दौरान हुए हमले को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा यह भाजपा की बौखलाहट है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री पर हमला होना अति निंदनीय हरकत है। इसका जवाब जनता देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र को मजाक बना दिया है। वह विपक्ष के प्रति साजिशें कर रही है।
सपा प्रत्याशी स्वामी प्रसाद मौर्य पर हुए हमला सुनियोजित तरीके से भाजपा के गुंडों द्वारा किया गया है। उनके काफिले पर कातिलाना हमला किया जाना निंदनीय है। भाजपा और उसके समर्थक अपनी करारी हार देखकर बौखलाहट में होश खोकर हमलावर हो रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि फोन पर मौर्य ने बताया कि उन पर भाजपा द्वारा जानलेवा हमला जानबूझकर कराया गया है। भाजपा सरकार का यह दावा खोखला है कि उत्तर प्रदेश गुंडा माफिया मुक्त है, जबकि वास्तविकता यह है कि भाजपाई गुंडों ने अपनी ही सांसद संघमित्रा मौर्या पर भी जानलेवा हमला किया है। यह भाजपाई लोकतंत्र की कलई खुलने का एक और सबूत है।
उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य रोड शो में एक दूसरी गाड़ी में सवार थे और रोड शो में आगे निकल गए थे, लेकिन उनकी निजी कार, जिससे वे अक्सर चलते है। वह रोड शो में पीछे थी उस पर जानबूझकर हमला हुआ और ड्राइवर बुरी तरह घायल हो गया। भाजपा के इस हमले के खिलाफ मौर्य गोड़रिया में पडरौना तमकुहीराज रोड पर धरने पर बैठ गए।
सपा अध्यक्ष ने मांग की कि हमले में शामिल सभी लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। हमले में शामिल सभी अवांछित तत्वों की तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए। निर्वाचन आयोग यह सुनिश्चित करे कि फाजिलनगर में मतदान बिना किसी भय एवं अनियमितता के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न हो सके।बदायूं से भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य अब खुलकर अपने पिता और फाजिलनगर से सपा उम्मीदवार स्वामी प्रसाद मौर्य के समर्थन में उतर आई है। दावा किया कि फाजिलनगर से उनके पिता ही चुनाव जीतकर आएंगे।
