जम्मू-कश्मीर में भी जश्न: चार राज्यों यूपी-उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में भाजपा को बड़ी जीत मिलने पर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। इस दौरान ढोल की ताल पर उन्होंने नाच कर एक दूसरे को मिठाई खिलाई गुलाल भी लगाया। उन्होंने कहा कि चार राज्यों में जीत मिलने के बाद अब जम्मू कश्मीर की बारी है।
पार्टी को जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में भी जीत मिलेगी। चुनाव के नतीजे जारी होते ही पार्टी कार्यकर्ता भारी संख्या में भाजपा कार्यालय में पहुंचे। त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में भी जश्न का आयोजन किया गया।
पांच राज्यों में जारी मतगणना से मिल रहे रूझानों से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी बृहस्पतिवार शाम को अपनी सर्वोच्च नीति निर्धारक इकाई संसदीय बोर्ड की बैठक बुला सकती है। भाजपा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है जबकि मणिपुर और गोवा में वह सबसे बड़े दल के रूप में उभरने की ओर अग्रसर है। पंजाब में दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी की सरकार बनने की पूरी संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम को भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं।
