पंजाब सरकार : पंजाब में पहली बार बनी आम आदमी पार्टी की सरकार में मुख्यमंत्री की ताजपोशी का नजारा आम नहीं होगा। पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे भगवंत मान ने शनिवार को पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से राजभवन में मुलाकात की और 92 नवनिर्वाचित विधायकों का समर्थन पत्र सौंपकर राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया, जिसे मंजूर कर लिया गया है।
शपथ समारोह 16 मार्च को दोपहर साढ़े 12 बजे शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में होगा। समारोह के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। समारोह पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी मंजूरी दे दी गई है। सूबे के मुख्यमंत्री भगवंत मान के शपथ ग्रहण के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए भगवंत मान पहले ही पंजाब के लोगों को शामिल होने का न्योता दे चुके हैं।
शहीद भगत सिंह के पूज्य पैतृक स्थान नवांशहर के खटकड़ कलां में 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान और उनके मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह के लिए व्यापक प्रबंध शुरू कर दिए गए हैं। शहीद के पैतृक गांव को राज्य के मुख्यमंत्री के पहले शपथ ग्रहण समारोह के लिए स्थल के रूप में चुना गया है। नवांशहर के खटकड़ कलां में शहीद स्मारक के पीछे 13 एकड़ जमीन पर एक लाख लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। जहां पंडाल के लिए स्मारक की संपत्ति पर 6.5 एकड़ का उपयोग किया जाएगा। राज्य के मुख्य वास्तुकार भी व्यवस्था की योजना बनाने के लिए आयोजन स्थल पर पहुंच गए हैं।