रूस-यूक्रेन जंग: रूस-यूक्रेन के बीच जंग का आज 19वां दिन है। दोनों देशों के बीच सुलह का कोई रास्ता निकलता नहीं दिख रहा है। यूक्रेन से चल रही जंग के बीच रूस ने चीन से सहायता के रूप में सैन्य उपकरण की मांग की है। खबरों के मुताबिक एक वरिष्ठ अमेरिकी सैन्य अधिकारी की ओर से यह दावा किया गया है कि रूस ने सैन्य के अलावा ड्रोन की भी मदद चीन से मांगी है।
इस मांग से सवाल उठने लगा है कि रूस और यूक्रेन में चल रही जंग के बीच क्या रूस पर यूक्रेन भारी पड़ने लगा है क्योंकि युद्ध में रूस को चीन की सहायता की जरूरत पड़ गई है। रूस की ओर से यह मदद ऐसे समय पर मांगी गई है, जब अमेरिका की ओर से सीधे तौर पर चीन को धमकाया गया है।
दरअसल, अमेरिका ने रविवार को चीन को चेतावनी जारी की थी। इसके तहत कहा गया था कि, आर्थिक प्रतिबंध झेल रहे रूस की मदद के लिए अगर चीन आगे आता है, तो उसे भी बुरे परिणाम भुगतने होंगे। अमेरिका समेत कई बड़े देशों ने रूस के बैंको पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। इतना ही नहीं कई बड़ी कंपनियों ने भी रूस में अपनी सेवा रोक दी है। वित्तीय प्रतिबंध लगने के बाद से रूस आर्थिक तौर पर कमजोर हो रहा है और इसलिए उसे चीन की शरण में जाने की जरूरत पड़ गई। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में चीनी दूतावास के प्रवक्ता लियू पेंग्यु ने कहा कि रूस द्वारा मदद मांगने को लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
रूस की ओर से यूक्रेन पर हमले और भी ज्यादा तेज कर दिए गए हैं। यूक्रेन के 24 शहरों को निशाना बनाया जा रहा है। इसमें से 19 में तो रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां रूस लगातार बम बरसा रहा है। इस बीच रूस और यूक्रेन के बीच चौथे दौर की बातचीत एक से दो दिन में हो सकती है।
