हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के माधौगंज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, बूथ हारने पर सपा कार्यकर्ता ने कमरे में तमंचे से सिर पर गोली मार ली। परिजन उसे गंभीर हालत में सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में पार्टी प्रत्याशी के बूथ हारने पर लोगों के चिढ़ाने से परेशान होकर उसके खुदकुशी करने की चर्चा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। ग्राम गौरा निवासी देवेंद्र कुमार यादव उर्फ बल्लू (40) सपा कार्यकर्ता थे। मंगलवार की दोपहर उनके कमरे से गोली चलने की आवाज आई। परिजनों ने देखा तो उनका शव खून से लथपथ पड़ा मिला। आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक जान जा चुकी थी। परिजन पुलिस को घटना की वजह नहीं बता सके। घटना के बाद परिजन चुप्पी साधे हैं।
हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि देवेंद्र ने विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी को गांव से जिताने का जिम्मा लिया था, जबकि प्रत्याशी बूथ हार गए। इस वजह से लोग उन्हें चिढ़ा रहे थे। इससे परेशान होकर देवेंद्र ने खुदकुशी कर ली। मृतक खेती करता था। उसके परिवार में पत्नी संगीता के अलावा तीन बच्चे हैं। एसओ सुब्रत त्रिपाठी ने बताया कि घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।