गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के कई शहरों में कल होली खेली गयी, पर उत्तर प्रदेश के कई शहरों में होली शनिवार को मनाई जा रही है। इन्हीं में से एक शहर है गोरखपुर जहां लोग 18 मार्च की बजाय 19 मार्च को होली मना रहे हैं। गोरखपुर में होली के दिन के भगवान नरसिंह होलिकोत्सव शोभायात्रा का आयोजन किया जाता है। इस होली में बीते 25 साल से योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि बनते आ रहे हैं। इसी क्रम मे उत्तर प्रदेश में नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले गोरखपुर में आज भव्य होली मनायी गयी l
भगवान नरसिंह की शोभायात्रा निकाली जिसका नेतृत्व भाजपा नेता योगी आदित्यनाथ किये l मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर के घंटाघर भगवान नरसिंह शोभा यात्रा में पहुँचे। यहां सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद यूपी के भावी सीएम ने जनता को संबोधित भी किया। उन्होंने सबसे पहले जनता को होली की बधाई दी और कहा कि दो साल के बाद यह पर्व हम फिर से बिना कोरोना के बंदिशों के मना रहे हैं जो बेहद हर्ष की बात है।
सीएम योगी ने जनता से अपील की है कि होली जरूर खेलें लेकिन सावधानी से खेलें। जो न खेलना चाहे उसे जबरन रंग न लगाएं, त्योहार हर्ष के साथ खेलें किसी की भावनाओं को आहत करके नहीं। जोश में होश को न खोएं, शालीनता के साथ पर्व मनाएं। योगी ने कहा, पर्व हमें अतीत से जोड़ते हैं। होलिका और हिरण्यकश्यप हर समाज में मौजूद रहे हैं।
भावी सीएम ने चुनाव में जीत के लिए भी जनता को धन्यवाद दिया और कहा कि जनता ने राष्ट्रवादी सरकार को चुना है। कोरोना काल में भी केंद्र और यूपी सरकार ने अच्छा काम किया। गरीबों को महीने में दो बार मुफ्त अनाज दिया जा रहा है, यह भी पहली बार हुआ है। वह बोले कि कोरोना में जिन लोगों की मौत हुई उनके परिवारों से हमारी संवेदना है।
योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि यूपी की जनता ने एक बार फिर राष्ट्रवाद और सुशासन के लिए सरकार चुनी है। पहली बार भाजपा ने गोरखपुर की सभी 9 सीटें जीतीं। योगी आदित्यनाथ के संबोधन के बाद छह किलोमीटर लंबी शोभायात्रा शुरू हुई। इस शोभायात्रा में विशाल जनसमूह उमड़ा है।