गोवा: 10 मार्च को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए गए थे। गोवा में भाजपा कुल 40 विधानसभा सीटों में से 20 सीटें जीतकर सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी है। गोवा में भाजपा की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 23 से 25 मार्च के बीच हो सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने रविवार को इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भाजपा पर्यवेक्षक सोमवार को राज्य पहुंचेंगे, जिसके बाद शपथ ग्रहण समारोह की सही तारीख तय की जाएगी। भाजपा को महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन हासिल है। इसके बावजूद भी भाजपा ने अभी तक तटीय राज्य में नई सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया है।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह अस्थाई रूप से 23 से 25 मार्च के बीच होगा। पीएम मोदी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई यहां के निकट बम्बोलिम में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में नए मुख्यमंत्री को गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।