पश्चिम बंगाल: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने पश्चिम बंगाल की सरकार पर जमकर हमला बोले उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की घटना आधुनिक इतिहास की बर्बर घटनाओं में से एक है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि उन महिलाओं-बच्चों को बुरी तरह पीटा गया और इसके बाद उन्हें उन्हीं के घर में बंद करके जला दिया गया। उन्होंने बंगाल की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों पर तत्काल सजा दिए जाने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस भयानक घटना के लंबे समय बाद भी वहां तक पुलिस और एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। उन्होंने कहा कि पिछले एक हफ्ते में बंगाल में 26 हत्याएं हो चुकी हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। इनमें सबसे ज्यादा राजनीतिक प्रतिशोध के लिए हत्याएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि अब तक वहां किसी बड़े टीएमसी नेता का न पहुंचना दुर्भाग्यपूर्ण है।
लेकिन अब जब ममता बनर्जी वहां पहुंच रही हैं, उनके स्वागत के लिए उस क्षेत्र में हर जगह भव्य सजावट की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर स्वागत किया जाना शर्मनाक है। ममता बनर्जी को ममताविहीन बताते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल की तुलना उत्तर प्रदेश से नहीं की जा सकती।
उत्तर प्रदेश में प्रचंड जीत के बाद भी विपक्ष के किसी नेता के साथ कोई अभद्रता नहीं हुई है जबकि बंगाल में ममता बनर्जी की जीत के बाद अब तक सैकड़ों लोगों की हत्या की जा चुकी हैं।