फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। मंगलवार देर रात्रि टूंडला टोल प्लाजा के समीप दर्दनाक हादसा हो गया। जसराना से आलू लेकर आगरा मंडी जा रही मैकस पिकअप को पीछे से आ रहे कंटेनर ने रौंद दिया। हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।हादसा देर रात्रि करीब ढाई बजे का है।
जबकि एक युवक घायल है, जिसका आगरा में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांचवें की आगरा में उपचार के दौरान मौत हो गई। गाड़ी मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका आगरा में उपचार चल रहा है।
हादसे की जानकारी होते ही टूंडला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई है। पुलिस ने मृतकों के नाम राहुल पुत्र सत्यराम सिंह, राम बहादुर उर्फ छोटू पुत्र बीरबल सिंह निवासी नगला कन्हैया कुरारा थाना जसराना, फिरोजाबाद, वली मोहम्मद पुत्र खुदाबक्स पोखर वाला मोहल्ला सादाबाद हाथरस बताए हैं। दो की अभी शिनाख़्त नहीं हो सकी है। हादसे के दौरान आगरा फिरोजाबाद हाईवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।