यूपी : आज मंगलवार सुबह 11 बजे यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट बैठक एनेक्सी में होगी। इसमें सरकार भाजपा के लोक कल्याण संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की शुरुआत करेगी।
बैठक में सरकार छुट्टा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए गौ-अभयारण्य की स्थापना, सरकार कर्मचारियों और अधिकारियों के तबादले के लिए नई नीति का प्रस्ताव ला सकती है। किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली का प्रस्ताव समेत करीब डेढ़ दर्जन प्रस्ताव मंजूर किए जा सकते हैं।
बैठक में आगरा, मथुरा और प्रयागराज में पर्यटन विकास के लिए हेलिकॉप्टर सेवा संचालन के लिए पीपीपी मोड पर हैलीपैड का निर्माण करने का प्रस्ताव मंजूर किया जा सकता है। होमगार्ड के अधिकारियों को 9 एमएम पिस्टल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव शामिल किया जा सकता है।
उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा नियमावली 2001 में संशोधन का प्रस्ताव भी मंजूर किया जा सकता है। इससे पहले योगी सरकार के शपथ ग्रहण के बाद 26 मार्च को मंत्रिमंडल की पहली बैठक में गरीबों को मुफ्त राशन वितरण की योजना को तीन महीने आगे बढ़ाने का निर्णय किया गया था।
इससे पहले कल कैबिनेट के सामने सोमवार को सामाजिक सुरक्षा सेक्टर के 8 विभागों की कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण किया गया। इस दौरान सीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर कम से कम एक महिला संरक्षण गृह और महिला शरणालय की स्थापना कराई जाए। मिशन शक्ति के अगले चरण को ग्राम पंचायत स्तर तक ले जाने के प्रयास हों।