यूपी: यूपी में योगी सरकार 2.0 के एक माह के पूरे होने पर हुई विशेष कैबिनेट बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विशेष निर्देश जारी किया। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित रखे जाने पर जोर दिया है। महिला सुरक्षा के मामलों पर खासा जोर दिया गया है। सीएम योगी ने 18 मंडलों के लिए 18 टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को सप्ताह में शुक्रवार से रविवार को लोगों के बीच जाने को कहा गया।
लेकिन प्रदेश सरकार की ओर से मंडलों में सरकार के कामकाज और जमीनी हकीकत जानने के लिए गठित मंत्री समूह पहले दिन ही राजधानी से नदारद रहा। जबकि सरकार ने मंत्री समूह को शुक्रवार से रविवार तक मंडल का दौरा करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक मंत्री को मंडल के एक जिले में रात्रि विश्राम के साथ 24 घंटे बिताने हैं।
लखनऊ में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समूह बनाया गया है। इसमें राज्यमंत्री दिनेश खटीक और दानिश आजाद शामिल हैं। शुक्रवार को पहले दिन सुरेश खन्ना अपने गृह जिले शाहजहांपुर में थे। खन्ना की अनुपस्थिति के चलते राज्यमंत्री भी नदारद रहे।
लखनऊ मंडल में लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, रायबरेली, लखीमपुर और सीतापुर जिले हैं। पहला दिन खाली बीतने के बाद तीन मंत्रियों को शनिवार व रविवार में छह जिलों की समीक्षा, जनसुनवाई और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करनी होगी। मंत्री समूह शनिवार को दोपहर दो बजे एलडीए में समीक्षा बैठक करेगा।