यूपी: अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रदेश भर में 31151 स्थानों पर ईद की नमाज अदा की जाएगी। इसमें 7436 ईद गाहों में नमाज अदा की जाएगी बाकी क्षेत्र की मस्जिदों में नमाज अदा होगी। ईद के मौके पर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध रहेंगे। इसके लिए पुलिस और प्रशासन ने कमर कस ली है।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि सुरक्षा प्रबंध के लिए 46 कंपनी पीएसी, सात कंपनी सीपीएमएफ और चार पुलिस उपाधीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशांत कुमार ने बताया कि जिलों के पुलिस कप्तानों को निर्देश दिए गए हैं कि जल कल विभाग, नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर पीने के पानी की व्यवस्था, साफ-सफाई की व्यवस्था और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर बिजली की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए।
प्रशांत कुमार ने बताया कि सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने अपने इलाके में सतर्क दृष्टि बनाए रखें। किसी नई परंपरा की शुरुआत न होने दें। जिन स्थानों पर नमाज अदा की जानी है वहां रात्रिगश्त और पेट्रोलिंग जरूर की जाए। ऐसे अवांछनीय तत्वों पर निगाह रखने के लिए कहा गया है जो प्रदेश का माहौल खराब करने के लिए गलत हरकत कर सकते हैं।