खुशखबरी : मजदूरों के लिए दिल्ली सरकार ने एक बड़ी खुशखबरी दी है, राजधानी के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिक अब डीटीसी व क्लस्टर बसों में मुफ्त में यात्रा कर सकेंगे। राजधानी दिल्ली में मजदूरों को अब दिल्ली में क्लस्टर व डीटीसी बस सेवा में मुफ्त बस सफर की सुविधा मिलेगी। उपमुख्यमंत्री व श्रम मंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को 100 निर्माण श्रमिकों को मुफ्त बस यात्रा पास देकर इस योजना की शुरुआत की।
इस योजना का लाभ निर्माण स्थल पर काम कर रहे श्रमिक, मिस्त्री, बढ़ई, इलेक्ट्रिशियन, गार्ड आदि को मिलेगा। इसका लाभ दिल्ली के करीब 10 लाख कामगारों को मिलेगा। बुधवार को दिल्ली सरकार ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को मुफ्त बस यात्रा पास मुहैय्या करवाया। उपमुख्यमंत्री व श्रम मंत्री मनीष सिसोदिया ने 100 निर्माण श्रमिकों को मुफ्त बस यात्रा पास देकर इस योजना की शुरुआत की।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण श्रमिक राष्ट्र के निर्माता हैं और देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार इन राष्ट्र निर्माताओं की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का मानना था कि जिन्हें कुदरत से कम मिला है, उनके लिए सरकार बेहतर ढंग से काम करते हुए लाभकारी योजनाएं बनाए।
बाबा साहेब के इस नजरिए को पूरा करते हुए दिल्ली सरकार दिल्ली के निर्माण श्रमिकों की बेहतरी व उन्हें सहयोग करने का काम कर रही है। सिसोदिया ने कहा कि बहुत कम निर्माण श्रमिक ऐसे होते हैं, जिन्हें उनके निर्माण स्थल के पास ही रहने की जगह मिलती है, जबकि ज्यादातर श्रमिक निर्माण स्थल से काफी दूर रहते हैं और रोजाना उन्हें अपने निर्माण स्थल तक आने-जाने के लिए पैसा खर्चना होता है।
निर्माण श्रमिकों की यात्रा संबंधी समस्याओं को समाप्त करने के लिए व यात्रा खर्च बचाने में उनकी मदद करने के लिए सरकार ने उनके लिए मुफ्त बस यात्रा पास योजना की शुरुआत की है। मंत्री ने कहा कि मुफ्त पास के लिए निर्माण श्रमिकों को डीटीसी की वेबसाइट या दिल्ली बिल्डिंग एंड कंस्ट्रक्शन वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड द्वारा शुरू किए जा रहे 34 पंजीकरण बूथों पर पंजीकरण करवाना होगा। इसके तुरंत बाद उन्हें पास दिया जाएगा। पास बनवाने के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी दिहाड़ी गंवाने और दफ्तरों के चक्कर काटने की जरुरत नहीं होगी।