महाराष्ट्र: महाराष्ट्र में पुलिस ने निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आवास ‘मातोश्री’ के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने के एलान को लेकर 23 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। अमरावती की सांसद नवनीत राणा और उनके पति निर्दलीय विधायक रवि राणा की मुश्किलें थमती नजर नहीं आ रही हैं।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने राणा दंपती के मुंबई में खार स्थित घर में अवैध निर्माण के संबंध में शनिवार को दूसरा नोटिस जारी किया। बीएमसी ने राणा दंपती को नोटिस जारी कर कहा है कि घर में हुए अवैध निर्माण के संबंध में सात दिन के भीतर जवाब दें। यदि बीएमसी उनके जवाब से संतुष्ट नहीं होती है तो अवैध निर्माण को ढहा सकती है। इससे पहले भी बीएमसी ने राणा दंपती को घर मे हुए अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया था। इसके बाद राणा दंपती ने शुक्रवार को नोटिस का जवाब दिया, जिससे बीएमसी संतुष्ट नजर नहीं आई। इसके चलते बीएमसी ने दोबारा नोटिस भेजा है।
बीएमसी की दूसरी नोटिस पर विधायक रवि राणा ने कहा कि वह इसका कानूनी जवाब देंगे। राणा ने कहा कि हमने बिल्डर से फ्लैट खरीदा था। उसके बाद मैने कोई अवैध निर्माण नहीं किया है। बीएमसी की मंजूरी के बाद इमारत का निर्माण हुआ है। अगर, इमारत में अवैध निर्माण हुआ है तो बीएमसी ने इसकी मंजूरी कैसे दी। राणा ने कहा कि इस क्षेत्र में जितनी भी बिल्डिंग बनी है सबका निर्माण एक ही बिल्डर ने किया है। इसलिए आस पास की सभी इमारतों का सर्वे हो और जो दोषी हो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।