देश में कोरोना: देश में बढ़ते कोरोना के मामलों ने एक बार फिर से लोगों की चिंता बढ़ा दी है। देश में आए दिन कोरोना तेजी से पैर पसारता जा रहा है। बढ़ते संक्रमण ने आम लोगों के साथ-साथ सरकार की भी चिंता बढ़ा दी है। देश में लगातार तीसरे दिन 2500 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों को देखें तो पिछले 24 घंटों के अंदर कोरोना संक्रमण के 2,828 नए मामले सामने आए हैं। जबकि, एक दिन पहले 2685 मामले दर्ज किए गए थे।
पिछले 24 घंटे के अंदर देश में कोरोना से 14 मौतें हो गईं। वहीं एक दिन पहले 33 मौतें दर्ज की गई थीं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या बढ़कर 524586 पहुंच गई है। अधिकारियों के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2,035 मरीज ठीक हुए।
कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या के बीच उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। अब देश में 17,087 सक्रिय मरीज हैं। जबकि, कल तक इनकी संख्या 16,308 थी। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना की दैनिक पॉजिटिविटी दर 0.60% है।