सियासी हमला: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने धर्म विशेष के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने पर राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया। नूपुर शर्मा के अलावा दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
वहीं, अब समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव के बाद बसपा अध्यक्ष मायावती ने सोमवार को भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा इस मामले में भाजपा को भी अपने लोगों पर सख्ती से शिकंजा कसना चाहिए। केवल उनको निलंबित करने या निकालने से काम नहीं चलेगा बल्कि उनको सख्त कानूनों के तहत जेल भेजना चाहिए।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कानपुर हिंसा प्रकरण पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि देश में सभी धर्मों का सम्मान जरूरी है। किसी भी धर्म के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। इतना ही नहीं बल्कि कानपुर में अभी हाल ही में जो हिंसा हुई है उसकी तह तक जाना बहुत जरूरी है। साथ ही इस हिंसा के विरुद्ध हो रही पुलिस कार्रवाई में निर्दोष लोगों को परेशान न किया जाए।
