अयोध्या: बुधवार को महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन को पहुंचे, आदित्य ठाकरे ने अयोध्या के एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि अयोध्या भारत की आस्था से जुड़ी हुई है। यह पवित्र भूमि हम सभी की आस्था का केंद्र है। आदित्य अयोध्या पहुंचते ही इस्कॉन मंदिर पहुंचे और दर्शन पूजन किया।
अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन को पहुंचे महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने खुद को राम का वंशज बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में बड़ी तादाद में आ रहे श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रख महाराष्ट्र सदन बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जमीन की मांग करेंगे।
यहां एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में वह राजनीतिक सवालों से यह कहकर बचते रहे कि वह नितांत धार्मिक यात्रा पर अयोध्या आए हैं। कहा कि अयोध्या हम राजनीति के लिए नहीं आए हैं, बल्कि हम अयोध्या भक्त बनकर आए हैं। लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी से लगातार हो रही ईडी की पूछताछ पर उन्होंने कहा कि ईडी और अन्य दूसरी जांच एजेंसियां भाजपा का प्रचार साहित्य बनकर रह गई हैं।