अग्निपथ: सेना में चार साल के लिए भर्ती करने की केंद्र सरकार की ‘अग्निपथ’ योजना का देश के कई राज्यों में जोर-शोर से विरोध किया जा रहा है। बिहार, तेलंगाना और कुछ अन्य राज्यों में विरोध हिंसक भी हो गया है, कई ट्रेनों में आग लगा दी गई है। अग्निपथ योजना के विरोध तेज होने के बीच केंद्र सरकार के मंत्री अनुराग ठाकुर का बयान सामने आया है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि युवाओं से अनुरोध है कि हिंसा का रास्ता अपनी बात रखने के लिए ठीक नहीं है। ‘अग्निपथ’ युवाओं के हित में और देश को और सुरक्षित बनाने के लिए लिया गया निर्णय है। हिंसा फैलाने से, उपद्रव मचाने से कुछ नहीं होगा। उन्होंने सेना में भर्ती के लिए लाए गए इस नए मॉडल का बचाव करते हुए कहा कि हिंसा के रास्ते पर चलकर अपनी बात रखना सही नहीं है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी हमला करते हुए कहा कि युवाओं को भटकाकर कुछ लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि CAPF में भी अग्निवीरों को प्राथमिकता देने की बात की गई है। इसके अलावा आयु में भी रियायत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारा विभाग भी अग्निवीरों को 4 साल की सर्विस के बाद ट्रेनिंग देकर जो लोग शारीरिक शिक्षा के अध्यापक बनना चाहते हैं उनके लिए नौकरी के अवसर प्रदान करने को सोंच रहा है।