मंकीपॉक्स: केरल में मंकीपॉक्स संक्रमित मिलने से कर्नाटक में चिंता बढ़ गई है। इसे लेकर सरकार व प्रशासन सजग है। नागरिकों को सतर्क रहने को कहा गया है। इस बीच कर्नाटक सरकार ने बताया कि अफ्रीका के इथोपिया से बेंगलुरु आए व्यक्ति में मंकीपॉक्स के लक्षण पाए गए थे, हालांकि उसकी रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि उसे मंकीपॉक्स नहीं बल्कि चिकनपॉक्स है l कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के. सुधाकर ने कहा कि मंकीपॉक्स के लिए व्यक्ति के नमूने की परीक्षण रिपोर्ट नकारात्मक थी और यह पाया गया कि उसे चिकन पॉक्स था l
राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त पी. रणदीप ने एक बयान में कहा कि इथोपिया का नागरिक किडनी की गंभीर बीमारी (CKD) से पीड़ित है। वह 4 जुलाई को एडिस अबाबा से बंगलुरु पहुंचा था। किडनी प्रत्यारोपण के लिए उसे स्थानीय एस्टर सीएमआई हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। इथोपिया के इस मरीज में इस माह की शुरुआत में मंकीपॉक्स जैसे लक्षण नजर आए थे। इसके बाद उसका परीक्षण किया गया था। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि वह मंकीपॉक्स नहीं बल्कि चिकनपॉक्स का संक्रमित है।
कर्नाटक के स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. के सुधाकर का यह बयान ऐसे समय आया है जब कर्नाटक ने मंकीपॉक्स के लक्षणों वाले किसी भी व्यक्ति की आवाजाही पर नजर रखने के लिए केरल सीमा पर सख्त चिकित्सा जांच के इंतजाम किए हैं। केरल में मंकीपॉक्स के तीन केस मिले हैं।
मंकीपॉक्स प्रभावित देशों से बंगलुरू या मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों पर आने वाले संदिग्ध मरीजों की जांच की जा रही है। उन्हें अलग किया जा रहा है और उनमें बुखार, ठंड लगना और पसीना, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, थकावट, गले में खराश और खांसी, त्वचा पर चकत्ते जैसे लक्षणों की जांच की जा रही है।
