देश में कोरोना: देश में कोविड-19 के मामलों में कभी गिरावट हो रही है तो कभी मामले बढ़ जा रहे है। पिछले करीब एक माह से कोरोना के दैनिक मामलों में लगातार उतार चढ़ाव देखा जा रहा है। हालांकि, पिछले कुछ समय से दैनिक कोरोना मामले 20 हजार के आसपास ही बने हुए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में 16,167 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 41 लोगों ने दम तोड़ दिया। जबकि, एक दिन पहले 18,738 नए मामले सामने आए थे।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया, अब देश में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 1,35,510 हो गई है। अधिकारियों ने बताया, कुल कोरोना मरीजों के मुकाबले सक्रिय मरीज 0.31 प्रतिशत हैं। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना की वजह से 41 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ देश में कोरोना से होने वाली कुल मौतों का आंकड़ा 5,26,730 पहुंच गया। देश में एक बार फिर दैनिक संक्रमण दर पांच प्रतिशत के पार पहुंच गई है।