‘हर घर जल उत्सव’: शुक्रवार को गोवा में होने वाले ‘हर घर जल उत्सव’ कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डिजिटल माध्यम से संबोधित करेंगे। सुबह 10.30 बजे इंस्टीट्यूट मेनेजेस ब्रागांजा में आयोजित होगा। इस मौके पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत मौजूद रहेंगे।
गोवा मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ट्वीट किया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोवा में ‘हर घर जल उत्सव’ को डिजिटल माध्यम से संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम 19 अगस्त को सुबह 10.30 बजे इंस्टीट्यूट मेनेजेस ब्रागांजा में आयोजित होगा।”
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि गोवा देश का पहला राज्य है जिसने ग्रामीण इलाकों में सौ प्रतिशत पाइप से जलापूर्ति की उपलब्धि हासिल की है। सीएमओ ने बताया कि केंद्र प्रायोजित योजना ‘जल जीवन मिशन’ के तहत ‘हर घर जल उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है।
गोवा में आज आयोजित होने जा रहे हर घर जल उत्सव कार्यक्रम में पीएम मोदी शारीरिक रूप से शामिल नहीं होंगे। वे डिजिटल माध्यम से संबोधित करेंगे। वहीं इस कार्यक्रम का उद्घाटन जलशक्ति मंत्री शेखावत द्वारा सीएम सावंत और राज्य के लोक निर्माण मंत्री नीलेश काबराल की उपस्थिति में किया जाएगा। इनके अलावा स्थानीय बीजेपी नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहेंगे।