गौतम अदाणी: दुनिया के टाॅप 10 अमीरों की लिस्ट में शामिल एशिया के सबसे अमीर इंसान भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी लगातार अपने कारोबार को बढ़ाते जा रहे हैं, कारोबारी गौतम अदाणी की सफलता का सिलसिला जारी है। वे एक के बाद एक नए सेक्टर्स में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
अपनी सफलताओं की लिस्ट में उन्होंने एक नई कड़ी जोड़ी है। खबरों के मुताबिक भारतीय उद्योगपति गौतम अदाणी दुनिया के तीसरे नंबर के रईस बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपना नया रिकॉर्ड रच दिया है। उन्होंने लुई वुइटन के प्रमुख बर्नार्ड अर्नाल्ट को पीछे छोड़ दिया है।
विश्व के धनपतियों की सूची में यह स्थान पाने वाले अदाणी पहले भारतीय व पहले एशियाई हैं। ब्लूमबर्ग इंडेक्स के अनुसार अब अदाणी के आगे अमेरिका के शीर्ष उद्योगपति व टेस्ला के सीईओ एलन मस्क व अमेजन के प्रमुख जेफ बेजोस हैं। अदाणी अब तक भारत के साथ एशिया के भी सबसे बड़े रईस थे। अब उन्होंने दुनिया के तीसरे सबसे बड़े रईस का खिताब हासिल कर लिया है।
ब्लूमबर्ग के अरबपति सूचकांक के अनुसार 60 साल के गौतम अदाणी की नेटवर्थ 137.4 अरब डॉलर है। टेस्ला के प्रमुख व दुनिया के सबसे धनी एलन मस्क की नेटवर्थ 251 अरब डॉलर है, जबकि, अमेजन के संस्थापक व सीईओ जेफ बेजोस की 153 अरब डॉलर है।
