देश के लिए दान: मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस अलग-अलग राज्यों में 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी जोर शोर से कर रही है। आर्थिक तंगी का दावा करने वाली कांग्रेस ने आगामी आम चुनाव से पहले ऑनलाइन चंदा एकत्र करने के लिए ‘देश के लिए दान’ नाम से अभियान शुरू करने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 18 दिसंबर को इस अभियान की शुरुआत करेंगे।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 18 साल से अधिक उम्र के भारतीय इस अभियान के जरिये 138 रुपये, 1,380 रुपये, 13,800 रुपये या फिर इससे 10 गुने की राशि चंदे के रूप में दे सकते हैं। माकन ने कहा कि अभियान की टैगलाइन होगी बेहतर देश के लिए कांग्रेस को आपकी जरूरत है, भारत को आपकी जरूरत है।
भाजपा ने कहा कि यह अभियान गांधी परिवार को समृद्ध करने की एक कोशिश और पार्टी के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के यहां भारी मात्रा में नकदी की जब्ती के मामले से ध्यान भटकाने की कोशिश है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, जिन्होंने 60 साल तक भारत को लूटा अब उसी देश से चंदा मांग रहे हैं। आपको बता दे कि तीन राज्यों (मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़) में हुई हार के बाद कांग्रेस ने मिशन 2024 की तैयारी शुरू कर दी है।
