दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गैलरी मंगलवार यानी 16 जनवरी से आम जनता के लिए खोल दी जाएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को प्रधानमंत्री संग्रहालय का दौरा किया था। इस दौरान राष्ट्रपति ने नवनिर्मित नरेंद्र मोदी गैलरी भी देखी। राष्ट्रपति नरेंद्र मोदी गैलरी की पहली आगंतुक बनीं। राष्ट्रपति संग्रहालय में करीब डेढ़ घंटे तक रूकीं। इस दौरान पुरानी इमारत में संविधान गैलरी भी देखी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री संग्रहालय स्थित नरेंद्र मोदी गैलरी में सबसे अधिक समय बिताया। यहां पर उन्होंने मोदी गैलरी के विभिन्न खंडों जैसे सुशासन, पर्यावरण, विकास, अंतरराष्ट्रीय सद्भाव, विज्ञानोदय, सांस्कृतिक धरोहर और जनभागीदारी और सुरक्षा के बारे में विस्तार से देखा और जानकारी ली। राष्ट्रपति विशेष रूप से इमर्सिव और इंटरेक्टिव डिस्प्ले से काफी प्रभावित दिखीं। उन्होंने इसके बाद अनुभूति क्षेत्र का भी दौरा किया।
राष्ट्रपति ने जाते हुए प्रधानमंत्री संग्रहालय की आगंतुक पुस्तिका में लिखा है कि ‘मुझे विश्वास है कि प्रत्येक भारतीय नागरिक जो यहां आएगा और संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं को देखेगा, उसे गर्व महसूस होगा।’ राष्ट्रपति को प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय (पीएमएमएल) कार्यकारी परिषद के सदस्य व अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने विस्तार से संग्रहालय की जानकारियां दी।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल 2022 को प्रधानमंत्री संग्रहालय का उद्घाटन किया था। इसके बाद से अब तक पीएम संग्रहालय बच्चों, छात्रों, वरिष्ठ शोधकर्ताओं और घरेलू और विदेशी पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण टूरिस्ट स्पॉट बन गया है। संग्रहालय में प्रतिदिन औसतन 2000 आगंतुक आते हैं। प्रत्येक आगंतुक अपनी विकासात्मक सफलता के साथ-साथ संसदीय लोकतंत्र में भारत की यात्रा का अनूठा संदेश भी ले जाता है। उद्घाटन के बाद से अब तक संग्रहालय का करीब लगभग 7.5 लाख दर्शकों ने दीदार किया है। इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रधानमंत्री संग्रहालय यात्रा पर प्रसन्नता व्यक्त की है। लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार प्रधानमंत्री संग्रहालय में दर्शकों को अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दीर्घा भी देखने को मिलेगी।
