यूपी: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की मां जितना देवी का गुरुवार देर रात निधन हो गया। उनकी उम्र 85 वर्ष थी। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की मां KGMU में भर्ती थीं। जितना देवी फेफड़े की बीमारी से पीड़ित थीं, और केजीएमयू में इलाज चल रहा था।
बता दें कि 85 वर्षीय जितना देवी की तबियत खराब होने पर उनका उपचार लखनऊ स्थित अस्तपाल में चल रहा था। इस बात की पुष्टि कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के छोटे बेटे और सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर ने की। बताया की उनकी दादी को फेफड़े से सम्बंधित समस्या होने पर उपचार किया जा रहा था।
इसकी जानकारी खुद सुभासपा अध्यक्ष ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर दी है. कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पोस्ट कर लिखा-“मेरी माँ अब इस दुनिया में नहीं रहीं”
मिल रही जानकारी के मुताबिक राजभर की माता जी का अंतिम संस्कार पैतृक गांव वाराणसी के फत्तेहपुर खौदा में होगा। पार्टी ने जानकारी दी कि उनका पार्थिव शरीर वाराणसी स्थित पैतृक गांव फत्तेहपुर खौदा ले जाया जा रहा है। उनका अंतिम संस्कार वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया जाएगा।
बता दें कि जितना देवी के चार बेटे हैं, जिसमे ओमप्रकाश राजभर वर्तमान में प्रदेश में कैबिनेट मंत्री है। वहीं, उनका नाती घोसी लोकसभा सीट से गठबंधन प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहा है।
इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की माता जितना देवी के निधन पर शोक जताया और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।