इंडिया गठबंधन: लोकसभा चुनाव को लेकर तमाम पार्टियों के नेता जगह-जगह जनसभा और रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। इसी क्रम में इंडिया गठबंधन के नेताओं ने प्रदेश में पांचवें चरण के मतदान से पहले पूरी ताकत लगा दी है। गठबंधन के नेताओं के कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। 15 मई को सुबह 10.30 बजे लखनऊ के गोमतीनगर स्थित ताज होटल में इंडिया गठबंधन की प्रेसवार्ता होगी। इसे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे। प्रेसवार्ता के बाद खरगे अमेठी व रायबरेली में जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।
बता दें कि आगे के चरणों में कौशांबी, मोहनलालगंज, बाराबंकी और बांसगांव आदि सुरक्षित सीटें हैं। जहां के दलित मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे खुद मैदान में हैं। इंडिया गठबंधन को उम्मीद है कि इसका असर अन्य आसपास की सीटों पर भी पड़ेगा।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल 16 मई को लखनऊ में होंगे। वे यहां सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करेंगे। दोनों की साझा प्रेस कांफ्रेंस भी होगी। जबकि 17 मई को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की अमेठी व रायबरेली में संयुक्त सभा भी प्रस्तावित है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 17 मई को लखनऊ में रोड शो करेंगे। इस आयोजन को सफल बनाने और चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए सपा अध्यक्ष ने मंगलवार को अपने पदाधिकारियों की बैठक भी ली। मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने के लिए रणनीति भी बनाई गई। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
