अयोध्या: उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से नवनिर्वाचित सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद अयोध्या पहुंचे, एयरपोर्ट पर उन्होंने पत्रकारों से कई मुद्दों को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने अयोध्या में बीजेपी की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, अयोध्या के लोगों ने बहुत बड़ा काम किया है। धर्म और राजनीति दूर रहें ये बहुत जरुरी है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के चुनाव परिणाम को ससम्मान स्वीकार करना चाहिए। अयोध्या वाले दिल्ली की चिंता कर रहे हैं यही लोकतंत्र हैं।

उन्होंने कहा कि अब बुनियादी मुद्दों पर बात होनी चाहिए।रोजगार और महंगाई पर बात होनी चाहिए। धर्म आदमी का व्यक्तिगत अधिकार है, कोई किसी धर्म में आस्था रखे। चाहे हिंदू, इस्लाम, ईसाई, सिख और जैन धर्म राजनीति में न लाया जाए, तो बहुत अच्छा होगा। इससे जनता के मुद्दों पर बात हो सकेगी।

केंद्र सरकार के बारे में कहा कि यह लंगड़ी सरकार है। कभी भी गिर सकती है। उसके हालात सब लोग जानते हैं कि कैसे सरकार बनाई गई है। 400 पार का नारा दिया था। 250 भी क्रॉस नहीं कर पाए। जनता भाजपा के खिलाफ है। यह पूरा चुनाव जनता ने लड़ा है। अयोध्या इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
रावण ने कहा कि अर्धसैनिक बल के मुद्दे को संसद में उठाऊंगा। पुलिस और अर्धसैनिक बल बहुत बुरी स्थिति में हैं, मैं उनके लिए बहुत चिंतित हूं। जब हम अच्छे कूलर में बैठते हैं तो वह गर्मी में खड़े रहते हैं। वे खूब पसीना बहाते हैं। उनको छुट्टियों के लिए बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इनसे आठ घंटे की ड्यूटी करवाई जाए। इनकी वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए।

उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर कहा कि सरकार मान जाए तो अच्छा है। नहीं तो दिल्ली में बहुत बड़ा आंदोलन होगा। हम बच्चों के साथ खड़े हैं, किसी भी परीक्षा में कोई भी धोखा नहीं होना चाहिए। अग्निवीर योजना के खिलाफ हम लोग शुरू से हैं। अग्निवीर योजना के जरिए सेना का मनोबल डाउन हुआ है। कोई क्यों चार साल की नौकरी करेगा। सब कुछ ठेकेदारी पर नहीं चलेगा। सरकार इस मुद्दे पर गंभीर हो तो बेहतर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *