लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दर्दनाक ख़बर सामने आ रही है, यहां एक बार फिर रफ़्तार का कहर देखने को मिला। अयोध्या हाईवे पर बीबीडी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हुआ। मौरंग लदा डंपर अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे एक झोपड़ी में घुस गया। झोपड़ी में सो रहे दंपती और उनके दो बच्चों को रौंद दिया। चारों की मौके पर मौत हो गई। महिला आठ माह की गर्भवती थी। दंपती की एक सात साल की बेटी बाल-बाल बची।
बता दें कि बाराबंकी के जैतपुर निवासी उमेश (35) टाइल्स कारीगर थे। वह अयोध्या हाईवे किनारे झोपड़ी डालकर पत्नी नीलम (32) देवी, बेटे गोलू (4), सनी(13) और बेटी वैष्णवी के साथ रहते थे। बीती रात पूरा परिवार झोपड़ी में सो रहा था। रात करीब एक बजे एक डंपर अनियंत्रित होकर झोपड़ी में घुस गया।
हादसे में उमेश, नीलम, गोलू और सनी की मौत हो गई। केवल वैष्णवी बची। उमेश के भतीजे धरम सिंह ने एफआईआर दर्ज कराई है। सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा आरोपी ट्रक चालक और क्लीनर को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया। पुलिस ने सभी शवों को निकालकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद घटना की जांच शुरू कर दी है।