महराजगंज पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेन्द्र मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान वज्र के तहत यह सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार, थाना निचलौल में दर्ज मुकदमा संख्या 242/2025 धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत मृतक नागेश्वर रौनियार की हत्या उसकी पत्नी नेहा रौनियार और उसके प्रेमी जितेन्द्र पुत्र रामदरस उर्फ बिहारी ने मिलकर की थी।
घटना 12/13 सितंबर की रात्रि की है, जब दमकी गैस एजेंसी के पास एक युवक का शव मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मृतक के पिता केशव रौनियार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया।
पूछताछ में अभियुक्त जितेन्द्र ने स्वीकार किया कि मृतक नागेश्वर उसके दुकान पर काम करता था और उसने ही अपनी पत्नी का नम्बर दिया था। बातचीत के दौरान जितेन्द्र और नेहा में प्रेम संबंध हो गए और दोनों शादी करना चाहते थे। नागेश्वर इसमें बाधा बन रहा था। इसी कारण दोनों ने मिलकर पहले उसे शराब पिलाकर सुला दिया, फिर दुपट्टे से बांधकर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को मोटरसाइकिल पर बैठाकर निचलौल क्षेत्र में लाकर सड़क पर दुर्घटना की तरह दिखाने के लिए फेंक दिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में
1. नेहा रौनियार पत्नी नागेश्वर रौनियार (उम्र 21 वर्ष) निवासी राजाबारी, थाना ठूठीबारी
2. जितेन्द्र पुत्र रामदरस उर्फ बिहारी (उम्र 20 वर्ष) निवासी राजाबारी, थाना ठूठीबारी शामिल हैं।
दोनों को पुलिस ने 14 सितंबर की सुबह 5:25 बजे दमकी गैस एजेंसी के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा, उपनिरीक्षक रत्नेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक प्रधान यादव, हेड कांस्टेबल रजनीश सिंह, हेड कांस्टेबल विवेक राव, कांस्टेबल विवेक सिंह, महिला कांस्टेबल गुड़िया और पूजा शामिल रहीं।

