




महराजगंज पुलिस ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एक विशेष संयुक्त अभियान चलाया। यह अभियान महराजगंज–फरेंदा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730 पर ITM चौकी के पास यातायात पुलिस और आरटीओ की संयुक्त टीम द्वारा संचालित किया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य कोहरे और ओवर स्पीडिंग के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था। इस दौरान कम दृश्यता की स्थिति में सुरक्षा बढ़ाने के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए। वहीं, स्पीड राडार गन की मदद से तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, कोहरे के समय विशेष सावधानी बरतने और सड़क सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों के प्रति जागरूक किया।
महराजगंज पुलिस और परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।