



महराजगंज: आगामी होलिका दहन और होली पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा तथा पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री सोमन्द्र मीना ने की।
बैठक में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों से दोनों समुदायों के संभ्रांत नागरिकों और धर्मगुरुओं ने भाग लिया। अधिकारियों ने सभी से अपील की कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा लगातार गश्त बढ़ाने की बात कही।
बैठक में मौजूद सभी गणमान्य लोगों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।